बाजार शुकुल(अमेठी)। दिवाली का दिन एक परिवार की खुशियों पर भारी पड़ा। मामूली विवाद में मजदूरी करके लौट रहे राज मिस्त्री को रास्ते में कुछ लोगों ने जमकर पीट दिया। उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर आते ही गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले में पुलिस पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
बाजारशुकुल थानाक्षेत्र के पूरे नेवाज मजरे बूबूपुर निवासी जगदीश (27) रविवार की शाम मजदूरी करके घर लौट रहा था। जगदीश जैसे ही गांव में पहुंचा, आपसी कहासुनी में कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों को देखकर हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में जगदीश को अस्पताल पहुंचाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जगदीश की हालात नाजुक देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल के बजाए निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मंगलवार की सुबह मौत हो गई। जगदीश की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची तो परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। पुलिस ने पत्नी फूलमती की तहरीर पर राम नरेश सहित पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसओ अवनीश चौहान ने बताया कि आरोपी फरार है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में सतर्कता के मद्देनजर पुलिस तैनात है।
छिन गया परिवार का सहारा
मृतक जगदीश राज मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी फूलमती के साथ पुत्री संगीता, आरती व पुत्र रमन व राजेंद्र है। बड़ी पुत्री संगीता की शादी हो गई। जगदीश की मौत के बाद परिवार का सहारा छिन गया तो बच्चे अनाथ हो गए। पत्नी रो-रोकर सिर्फ एक ही बात बोल रही थी कि अब बच्चों की देख-भाल कौन करेगा।