गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। पूरे जिले में नए वैरिएंट को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी एसडीएम व सीओ को यूरोपीय देशों से आने वालों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
यूरोप के देशों में कोरोना के नए वैरिएंट आने के बाद शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर है। एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील प्रताप सिंह ने एडवाइजरी जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। उन्होंने सभी एसडीएम व सीओ को अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कर उक्त वायरस से प्रभावित खतरे की श्रेणी में आने वाले यूरोप के देश यूके समेत, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, हांगकांग व इजराइल से आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से कराने को कहा है। उनमें से किसी में भी कोविड धनात्मक का लक्षण पाए जाने पर यात्रियों को तत्काल आइसोलेट कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उनका उपचार व कांटेक्ट ट्रेसिंग की कार्रवाई की जाए।
एडीएम ने सभी एसडीएम व सीओ को संयुक्त रूप से समय-समय पर रेलवे व बस स्टेशनों तथा सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर पर्याप्त मेडिकल टीम तथा कोविड सैंपलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए सामाजिक दूरी, मास्क पहनने एवं हाथों को सैनिटाइज करने आदि का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। एडीएम ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यदि बाहर से आने वाले यात्रियों के कारण संक्रमण फैलता है तो संबंधित एडीएम व सीओ की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सूची इंट्रीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर्स को उपलब्ध करने को कहा है। इंट्रीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर नामित अफसरों को विदेश से आने वाले सभी यात्रियों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य में कोविड के लक्षण के विषय में जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल सीएमओ स्तर से रैपिड रिस्पांस टीम भेजकर कोविड जांच के लिए आरटीपीसीआर का सैंपल लेने को कहा है। एडीएम ने सभी को किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।