गौरीगंज (अमेठी)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना निष्पक्ष एवं समय से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला सुबह से ही सक्रिय रहा। डीएम, एसपी समेत अन्य अफसर मतगणना स्थलों का भ्रमण करते रहे। केंद्र के 100 मीटर दायरे के भीतर कड़ी चौकसी रही।
मतगणना कार्य निष्पक्ष एवं समय पर पूरा कराने के लिए डीएम अरुण कुमार ने सभी केंद्रों पर आरओ के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। रविवार सुबह से शुरू हुई मतगणना के साथ ही प्रशासनिक अमला भी लगातार सक्रिय रहा। अफसर सुबह से ही एक के बाद दूसरे केंद्र का दौरा करते रहे।
डीएम अरुण कुमार व एसपी दिनेश सिंह, एडीएम एसपी सिंह व एएसपी विनोद कुमार पांडेय तथा सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर के अलावा सभी संबंधित तहसीलों के एसडीएम व सीओ अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का दौरा करते रहे।
अफसर केंद्रों पर पहुंचकर न सिर्फ गणना कार्य की प्रगति बल्कि मतगणना कक्षों में जाकर कार्मिकों व प्रत्याशियों से भी गणना कार्य के हकीकत की जानकारी लेते रहे। अफसर केंद्र पर नामित आरओ व मजिस्ट्रेट को नियमानुसार समय से मतगणना कार्य पूरा कराने का निर्देश दे रहे थे।
इन्हें कहा जा रहा था कि आप एक स्थान पर बैठने के बजाए बीच-बीच में मतगणना कक्षों में जाकर मतगणना कार्य का निरीक्षण करते रहें। इस दौरान गणना कर रहे कार्मिकों को बिना समय गंवाए कार्य पूर्ण कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया।
सभी केंद्रों के बाहर 100 मीटर की परिधि में पुलिस फोर्स की कड़ी चौकसी रही। पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी से उस परिधि में वही जा रहे थे जिनके पास वैध पास था। बिना पास वालों को पुलिस उस दायरे के आसपास फटकने नहीं दे रही थी।