गौरीगंज (अमेठी)। कौशल विकास मिशन के तहत संचालित कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक होंगे। सीडीओ ने वैन को झंडी दिखाकर रवाना करते हुए प्रचार कर लोगों में जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।
कौशल सतरंग कार्यक्रम के तहत शासन कौशल विकास मिशन के जरिए संचालित कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देने के लिए एक अभियान संचालित करा रहा है। इसके लिए लखनऊ से एक एलईडी वैन के साथ एक सांस्कृतिक दल जिले में भेजा गया है। सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट परिसर से झंडी दिखाकर एलईडी वैन को रवाना किया।
वैन में लखनऊ से आए सांस्कृतिक दल को सीडीओ ने चिन्हित स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकार के सतरंग कार्यक्रम की आम जनता को विस्तृत जानकारी देने को कहा। कौशल विकास के जिला एमआईएस मैनेजर संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कौशल सतरंग कार्यक्रम से जुड़ी जानकारियां लोगों को दी जा रही है।
कहा कि जिले के गौरीगंज कलेक्ट्रेट परिसर, जायस, मुसाफिरखाना तहसील तथा मुशीगंज चौराहे पर एलईडी वैन तथा सांस्कृतिक टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक दिखाकर लोगों को कौशल विकास की योजनाओं के बारे में बताया गया। बताया कि वैन विभाग की ओर से चिन्हित स्थलों पर रोस्टर के अनुसार पहुंचकर कार्यक्रम कर लोगों को योजना की विस्तार से जानकारी देगी। इस मौके पर सीडीओ के अलावा जिला समन्वयक शोभनाथ, प्रशिक्षण प्रदाता सीटीईडी के सदस्य तथा प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।