अमेठी सिटी। जिले के सात सीएचसी में मशीनें होने के बाद भी मरीजों को एक्सरे के लिए दौड़ लगाने से समस्या जल्द निजात मिल जाएगी। जिले में तीन एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती के बाद अब इन केंद्रों पर शोपीस बनीं एक्सरे मशीनों का इस्तेमाल शुरू होगा। अब तक सिर्फ छह सीएचसी में मरीजों को एक्सरे की सुविधा मिल रही थी। स्वास्थ्य विभाग सभी सीएचसी में एक्सरे जांच सुविधा शुरू करने के लिए रोस्टर तैयार कर रहा है।
जिले में 13 सीएचसी संचालित हैं। इनमें सात सीएचसी ऐसे हैं, जहां एक्सरे मशीन होने के बाद भी टेक्नीशियन नहीं होने से मरीजों को जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में इन सीएचसी पर हड्डी रोग और दुर्घटना से पीड़ित मरीजों को मजबूरी में एक्सरे के लिए रेफर करना पड़ता है। अधिक दूरी तय करने से बचने के लिए मजबूरी में मरीजों को निजी पैथोलॉजी सेंटर से भी एक्सरे करवाना पड़ता है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने शासन से टेक्नीशियन की तैनाती की मांग की थी।
सीएमओ की कोशिश पर जिले को तीन टेक्नीशियन मिल गए हैं। चार और के जल्द मिलने की उम्मीद है। तीन टेक्नीशियन की तैनाती होने के बाद स्वास्थ्य विभाग रोस्टर के अनुसार उनकी ड्यूटी लगाने जा रहा है। अब सप्ताह में तीन दिन प्रति सीएचसी में मरीजों को एक्सरे जांच की सुविधा मिलेगी। जनवरी तक चार अन्य टेक्नीशियन मिलने के बाद यह सुविधा प्रत्येक सीएचसी पर नियमित मिलेगी।
शामली कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता । संवाद