अमेठी सिटी। उर्वरक बिक्री में अनियमितता मिलने पर कृषि विभाग ने दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार को जिले में उर्वरक बिक्री केंद्रों के निरीक्षण में सात दुकानों के अभिलेख अधूरे मिले। इनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। वहीं, संसारीपुर स्थित किसान सेवा केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
तिलोई के पांच प्रतिष्ठानों में अभिलेख अधूरे मिले। रखीहार के एग्रीजंक्शन, नेवादा किशुनगढ़ के आशीर्वाद इंटरप्राइजेज, नंदमहर के श्याम खाद भंडार, मुसाफिरखाना के अग्रहरि फर्टिलाइजर्स और शाहगढ़ के अजय फर्टिलाइजर्स में वितरण या स्टॉक रजिस्टर में खामियां मिलीं। कई जगह किसानों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज नहीं थे। रामगंज, दुर्गापुर और पीपरपुर में भी अभिलेख अधूरे मिले। रेट और स्टॉक बोर्ड पर विवरण दर्ज नहीं था।
सोरांव स्थित समृद्धि एबोटेक पर किसान ने डीएपी अधिक मूल्य पर बेचने की शिकायत की। वहीं, गौरीगंज के तिवारी ट्रेडर्स पर अभिलेख सही मिले और अधिक मूल्य पर बिक्री या टैगिंग नहीं पाई गई। उप निदेशक कृषि सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि कालाबाजारी, अधिक मूल्य पर बिक्री और टैगिंग करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।