गौरीगंज (अमेठी)। कर्फ्यू के बाद मिली रियायत से मंगलवार को बाजारों की रौनक तो लौट आई। लेकिन प्रतिष्ठान खुलते ही लोगों की भीड़ भी बाजारों में उमड़ पड़ी।
रियायत मिलने के बाद लोग संक्रमण की गंभीरता से पूरी तरह बेखौफ दिखे। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग तो दरकिनार मंगलवार को होटलों पर चाय-पान का दौर चला। लोग बेखौफ एक दूसरे के पास बैठकर दुकानों पर गप्प लड़ाते नजर आए। तो जिम्मेदार भी मौन बने रहे।
जिले में संक्रमण की स्थिति पर थोड़ा नियंत्रित हुआ तो शासन के निर्देश पर डीएम अरुण कुमार ने मंगलवार से कोविड कर्फ्यू में रियायत संबंधी आदेश जारी कर दिया।
आदेश के अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक सुबह सात से शाम सात बजे तक सभी श्रेणी के प्रतिष्ठान खुलेंगे तो शनिवार व रविवार साप्ताहिक बंदी के साथ शाम से बजे सुबह सात बजे तक आवागमन पर पाबंदी रहेगी।
मंगलवार को रियायत के बाद जिला मुख्यालय समेत सभी बाजारों में दुकानें खुलीं तो बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बेवजह घर से बिना मास्क बाहर निकल कर चार-पान की दुकान समेत अन्य दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए संक्रमण का आमंत्रण देने में जुटे रहे।
आदेश के बावजूद अधिकांश प्रतिष्ठानों में न तो सैनिटाइजर का प्रबंध दिखा और न ही दुकानदार व खरीदार मास्क ही लगाए थे। लोगों को जागरूक करने के साथ संक्रमण को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी संभालने वाले भी मौन धारण किए रहे।
एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने लोगों से मिली रियायत का बेवजह फायदा नहीं उठाने के साथ संक्रमण बचाव नियमों का पालन कर स्वयं व परिवार को सुरक्षित रखने की अपील की है।