बाजार शुकुल (अमेठी)। आपस में मारपीट कर रहे दो सगे भाईयों को अलग करने की कोशिश अन्य दो सगे भाइयों पर भारी पड़ी। बीच बचाव से नाराज ने दोनों भाइयों पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें आग के हवाले कर दिया। शोर मचने पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाने के बाद झुलसे दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया जहां मौजूद चिकित्सक ने एक की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के हरखूमऊ गांव में सोमवार देर रात किसी बात को लेकर जीत बहादुर कोरी व उसके सगे भाई कन्हैयालाल के बीच विवाद हो गया। कुछ देर चली कहासुनी के बाद दोनों भाइयों मेें मारपीट होने लगी। दोनों भाइयों में मारपीट होती देख पड़ोसी राम अवध व राम अधार गोड़िया (सगे भाई) बीच बचाव करने उसके दरवाजे पर पहुंच गए। दोनों भाइयों ने मारपीट कर दोनों भाइयों को अलग करने की कोशिश की। इससे नाराज जीत बहादुर अपने भाई को छोड़कर दोनों भाइयों से भिड़ गया।
जीत बहादुर ने बाइक से पेट्रोल निकालकर बीच बचाव करने गए दोनों भाइयों पर छिड़कने के बाद उन्हें आग के हवाले कर दिया। दोनों भाई जिंदा जलने लगे तो चीख पुकार शुरू हो गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया, हालांकि इस बीच दोनों भाई झुलस चुके थे। सूचना पर पहुंचे 112 पीआरवी कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से दोनों भाइयों को सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी की इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने राम अवध की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जबकि राम अधार का इलाज अभी सीएचसी में चल रहा है। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद अमरजीत मौके से फरार हो गया। पीड़ित राम अधार की तहरीर पर जीत बहादुर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष निर्मल सिंह ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने की पुष्टि की। कहा कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। उसके पास कोई मोबाइल भी नहीं है। बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए थाने की टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इनके बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं हैं। एसओ के अनुसार घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।