अमेठी सिटी। जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज के सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा संबंधी बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में किसी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च तक होंगी। जिले में 85 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं। उन्होंने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन, सीलिंग और सुरक्षित प्रेषण की प्रक्रिया की बिंदुवार समीक्षा की। सुरक्षित कक्षों में दोहरी ताला व्यवस्था सुनिश्चित रखने तथा 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, ध्वनि रिकॉर्डिंग युक्त उपकरण और डिजिटल रिकॉर्डिंग प्रणाली सक्रिय रहेगी। जनपद स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कैमरे पूरी तरह कार्यशील रहें, इसमें किसी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील केंद्रों की पहचान कर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा। सचल दलों की प्रभावी तैनाती, परीक्षा कक्षों में अनुशासन और विद्यार्थियों की सघन जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध कड़ाई से लागू रहेगा।
जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों तथा कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहने और सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ शालीन व्यवहार रखा जाए, साथ ही परीक्षा की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सचल दल और संकलन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ रहेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने दोहराया कि अनुशासनहीनता अथवा अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।