अमेठी के आरआरपीजी कॉलेज में अभ्यर्थी का प्रवेश पत्र चेक करती शिक्षिका
अमेठी सिटी। जिले में रविवार को नीट यूजी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। तीन केंद्रों पर पंजीकृत 894 अभ्यर्थियों में से 863 ने परीक्षा दी, जबकि 31 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर पूरे दिन केंद्रों पर प्रशासनिक सतर्कता बनी रही।
आरआरपीजी कॉलेज अमेठी में 240 के सापेक्ष 228 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 12 नहीं पहुंचे। रणवीर इंटर कॉलेज रामनगर में 480 में से 469 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 11 अनुपस्थित रहे। नवोदय विद्यालय गौरीगंज में 174 में से 166 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि आठ अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक हुई।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया, जिससे वे शाम छह बजे तक परीक्षा दे सके। केंद्रीय विद्यालय के कपिल देव मिश्रा को नोडल अधिकारी बनाया गया था। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रखा गया। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। प्रशासन के अनुसार सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से पूरी हुई।