कैबिनेट मंत्री बोले-गठबंधन की न तो नीति तय है और न ही नेता
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी अपने चुनावी दौरे पर सोमवार को अमेठी पहुंचे। उन्होंने सपा, आरजेडी और कांग्रेस के गठबंधन पर जबरदस्त प्रहार किया। कहा कि इस गठबंधन की न तो नीति तय है और न ही नेता। ऐसे में इस गठबंधन का अपना-अपना घोषणा पत्र जारी करना कोढ़ में खाज जैसा है। इनके द्वारा झूठ बोलने की सारी सीमाएं लांघ दी गई हैं।
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी अमेठी के गौरीगंज स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कल अलीगढ़ गया था, शाम को फ्री हुआ तो सपा और आरजेडी का चुनावी घोषणा पत्र को देखा। ये दोनों घोषणा पत्र देखकर ऐसा लगता है, जैसे किसी कंगाल बैक का चेक हो। साझा घोषणा पत्र न जारी कर अपनी ढपली अपना राग अलापना इस बात का प्रमाण है कि तथा कथित जो गठबंधन है वो ठग बंधन है। सोमवार को यहां भाजपा कार्यालय में नंदी ने पत्रकारों को पार्टी द्वारा जारी घोषणा पत्र के एक-एक बिंदु को पढ़ कर सुनाया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कार्यकर्ताओं को पार्टी की चुनावी रणनीति के बारे में बताया और उनसे चर्चा की।
ये रहे मौजूद
भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, श्रावस्ती के पूर्व सांसद दद्न मिश्रा, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र, दया शंकर यादव, केशव सिंह, गोविंद सिंह, चंद्रमौलि सिंह सहित भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।