नवारंभ उत्सव कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक व बच्चे।
- फोटो : नवारंभ उत्सव कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक व बच्चे।
अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग को नवारंभ कार्यक्रम के तहत बालवाटिका और कक्षा एक में नामांकन बढ़ाना है। बुधवार को जिले के 717 को-लोकेटेड विद्यालयों में विशेष नामांकन अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के तहत शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क किया। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। नई शिक्षा नीति के तहत बालवाटिका संग शिक्षण की जानकारी दी गई। खेल-आधारित गतिविधियों और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
विद्यालयों को बच्चों के स्वागत के लिए उत्सव स्थल बनाया गया। रंगोली, गुब्बारे और स्वागत द्वार से सजावट की गई। बालगीत, खेल-गतिविधियां और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित हुए। बच्चों ने चित्रकला, कविता पाठ और समूह गतिविधियों में उत्साह से भाग लिया। शिक्षकों ने अभिभावकों को प्रारंभिक कक्षाओं में मजबूत नींव का महत्व बताया। इससे बच्चों का सीखने का स्तर बेहतर होता है और आगे की पढ़ाई में आसानी मिलती है। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि बालवाटिका और कक्षा एक में समय पर नामांकन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। सभी शिक्षक, अभिभावक और समुदाय मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं।