अमेठी। अमृत भारत स्टेशन योजना में चयनित जिला मुख्यालय स्थित गौरीगंज और निहालगढ़ रेलवे स्टेशनों पर होने प्रस्तावित कार्याें का सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली शिलान्यास किया। इन स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। वहीं वर्चुअल शिलान्यास से पहले दोनों स्टेशनों के परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पहल पर पहले चरण में अमेठी रेलवे स्टेशन को चयनित किया गया था। इसके बाद गौरीगंज और निहालगढ़ रेलवे स्टेशन को चुना गया। इसमें गौरीगंज स्टेशन 10 करोड़ रुपये की लागत से तो निहालगढ़ रेलवे स्टेशन 12.60 करोड़ की लागत से प्रस्तावित कार्य पूरे किए जाएंगे। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों स्टेशनों के प्रस्तावित कामों का वर्चुअल शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर इसका लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का लाइव प्रसारण लोगों ने सुना। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीएमएम जितेंद्र कुमार मिश्र, सीएमआई डीडी शुक्ल, स्टेशन अधीक्षक प्रवीण कुमार सिंह और आईओडब्लू सौरभ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
निहालगढ़ स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी लखनऊ कुलदीप तिवारी, मुख्य हित निरीक्षक लखनऊ कार्मिक जेपी वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। गौरीगंज में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में भाजपा नेता विजय किशोर तिवारी, केशव सिंह, गोविंद सिंह, दलजीत सिंह, भूपेंद्र शुक्ला ने और निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर पूर्व विधायक तेजभान सिंह, राकेश विक्रम सिंह, प्रदीप सिंह, डाॅ. प्रज्ञा बाजपेई, उपमा सरोज, राजकिशोर पांडेय, सोनू यज्ञ सैनी व स्टेशन अधीक्षक लखन लाल मीना ने भौतिक रूप से बाद में शिलान्यास किया।
कांग्रेस के समय में सिर्फ मांग होती थी.. आज हो रही पूरी
पूर्व विधायक तेजभान सिंह ने कहा कि निहालगढ़ रेलवे स्टेशन देखने में छोटा तो जरूर है, परंतु रेलवे की नजर में बहुत बड़ा है। कांग्रेस के समय में लोग मांग करते रह गए, लेकिन वो एक अंडर पास नहीं बनवा पाए। विजय किशोर तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वैश्विक स्तर पर आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहा है।
बच्चों को पुरस्कार से किया सम्मानित
वर्चुअल कार्यक्रम से पहले स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पेंटिंग, निबंध और भाषण प्रतियोगिता हुई। गौरीगंज में शिव नायक सिंह इंटर कॉलेज के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
भाषण प्रतियोगिता में रीतिका चौहान आयुषी तिवारी रितिका तिवारी ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध में शैलजा तिवारी, दिव्यानी, प्राची जायसवाल तथा चित्रकला प्रतियोगिता में सान्या शर्मा, सौम्या मिश्रा, प्रतिमा जायसवाल ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निहालगढ़ में जयपुरिया स्कूल, जगदीशपुर के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभा किया। भाषण प्रतियोगिता में स्वास्तिक सचान, अनन्या त्रिपाठी व श्रेष्ठ त्रिपाठी ने प्रथम, द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कार्तिक द्विवेदी नैतिक राणा व जैनब खान तथा चित्रकला प्रतियोगिता में अनुभव कपूर, फाइका फातिमा व इकरा फातिमा ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्र छात्राओं को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लोग बोले, मिली बड़ी उपलब्धि, होगी सहूलियत
गौरीगंज के कटरालालगंज धर्मेद्र कुमार शुक्ल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के नेतृत्व में संसदीय क्षेत्र का विकास हो रहा है। रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक रूप दिया जा रहा है।
गौरीपुर निवासी कमलानगर निवासी सुनील मौर्या व गौरीगंज के सुशील पांडेय ने कहा कि जिला मुख्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। रेलवे स्टेशन विकसित होने के बाद रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
निहालगढ़ की सुमन सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन को इस योजना में चयनित किया गया है। क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यहां पर लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
राजेश सिंह ने कहा कि निहालगढ़ रेलवे स्टेशन को विकसित किया जाएगा यह हर्ष का विषय है और लोगों को अपने स्थानीय संस्कृति के बारे में जानकारी होगी तो वही अच्छी सुविधा मिलेगी।
सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र बना
अमृत भारत योजना के तहत शिलान्यास कार्यक्रम में निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया। सेल्फी प्वाइंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र के साथ बच्चों समेत अन्य लोग सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते नजर आए।
स्टेशन पर यह होंगे काम
- स्टेशन भवन का विकास व पोर्टिको एवं सरकुलेटिंग एरिया का निर्माण व विकास
- स्टेशन भवन में यात्रियों के लिए फूड प्लाजा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, कैफेटेरिया एवं रिटेल सुविधाएं
-आरामदायक, टिकाऊ एवं आधुनिक फर्नीचर
- एक स्टेशन एक उत्पाद के कम से कम दो स्टॉल,
-एग्जीक्यूटिव लाउंज और ट्यालेट ब्लाॅक का निर्माण
- एग्जीक्यूटिव लाउंज एवं व्यावसायिक बैठकों के लिए स्थान, लॉकर रूम।
- सरकुलेटिंग एरिया में सड़क, पार्किंग, हरित पट्टी के विकास की योजना।
- 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण, फूड प्लाजा के रूप में विकास।
- दिव्यांगों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास।
- प्लेटफार्म सतह का सुधार, रैंप, यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त शेड।
- सीसीटीवी कैमरा, वाॅइफाॅई के साथ ही जीपीएस क्लॉक व अन्य सुविधाओं का विस्तार
- स्थानीय शिल्पकला एवं संस्कृति के समावेशन से सौंदर्यीकरण एवं हरित पट्टी का विकास,
- लिफ्ट, रैंप एवं स्वचालित सीढ़ियों का प्राॅवधान।
- उच्चस्तरीय प्लेटफार्म, प्लेटफार्म सतह का सुधार, यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त शेड एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्री प्रसाधन।
- एलईडी आधारित स्टेशन नेम-बोर्ड, आधुनिक कोच गाइडेंस एवं ट्रेन इंडीकेशन बोर्ड,