सपा से निष्कासन के बाद गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह सोमवार को पहली बार अपने क्षेत्र पहुंचे तो समर्थकों ने जबरदस्त स्वागत किया। इन्हौना, जगदीशपुर और कादूनाला स्थित शहीद स्मारक स्थल पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान ''जय श्रीराम'' के नारों के बीच समर्थकों ने विधायक पर फूलों की वर्षा की। बुलडोजर पर चढ़ाकर पुष्प वर्षा कर स्वागत करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
विधायक राकेश प्रताप सिंह अब पूरी तरह भाजपा के रुख में नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं कि वे अगला विधानसभा चुनाव किस पार्टी से लड़ेंगे। समर्थकों का कहना है कि दल कोई भी हो, राकेश प्रताप के साथ जनसमर्थन पहले जैसा ही रहेगा। सपा से बाहर होने के बाद भी जिस तरह से उन्हें समर्थन मिल रहा है, उससे यह साफ है कि उनकी पकड़ अब भी क्षेत्र में मजबूत है।
राज्यसभा चुनाव में पार्टी विरोधी रुख के बाद सपा नेतृत्व ने राकेश प्रताप सिंह को सपा से निकाल दिया, इसके बाद पहली बार अमेठी पहुंचे विधायक राकेश प्रताप सिंह का समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूलों की वर्षा और बुलडोजर पर सवार होकर निकली रैली में "जय श्रीराम" और "जय राकेश" के नारे गूंजे। लेकिन निष्कासन के बाद क्षेत्र में उनके समर्थन में पोस्टरों, नारों और सार्वजनिक आयोजनों की संख्या बढ़ गई है। समर्थक खुलकर साथ आ रहे हैं और विधायक के फैसले को सही ठहरा रहे हैं।