शाहगढ़। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहगढ़ और राजकीय हाईस्कूल हरिहरपुर में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जीजीआईसी शाहगढ़ में खो-खो प्रतियोगिता में मिष्टी ने पहला, आकांक्षा ने दूसरा, नंदनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रस्सी कूद में अंजलि प्रथम, वंदना द्वितीय तथा आस्था तृतीय स्थान पर रहीं। कैरम बोर्ड प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम और काजल द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि शतरंज प्रतियोगिता में रिया विजेता बनीं।
प्रधानाचार्य निहारिका मिश्रा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान काव्या, विनय विश्वकर्मा, आंचल और सौम्या तिवारी आदि मौजूद रहे।
राजकीय हाईस्कूल हरिहरपुर में गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रियांशू प्रथम, शिवांश विश्वकर्मा द्वितीय और मो. कैफ तृतीय स्थान पर रहे।
कैरम बोर्ड में विवेक प्रथम तथा उत्कर्ष द्वितीय स्थान पर रहे। बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंजू प्रथम, इशिता चौरसिया द्वितीय और वर्षी तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो प्रतियोगिता में अंजू, शिखा, संगम, इशिता, सोनाक्षी, वर्षा, अनुप्रिया, आराधना और आयुषी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रधानाध्यापक रामकुमार यादव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेलों को आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।