बाजारशुकुल (अमेठी)। थाना क्षेत्र के पूरे रग्घू शुक्ल गांव के पास मंगलवार की शाम अज्ञात बदमाशों ने ग्राम पंचायत अधिकारी की कार पर फायर झोंक दिया। गोली उनकी कार के पिछले शीशे में लगी है।
ग्राम पंचायत अधिकारी अनुराग यादव मंगलवार की शाम कार से मरदानपुर गांव जा रहे थे। तभी रास्ते में पूरे रग्घू शुक्ल गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने कार पर फायर झोंक दिया। गोली उनकी कार के पिछले शीशे पर लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद वह पुलिस को सूचना देने के बाद जिला मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को घटना की लिखित जानकारी दी। पत्र में उन्होंने घटना से विचलित होने की बात लिखते हुए इन परिस्थितियों में बाजारशुकुल में काम करने में असमर्थता जताई है।
ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूदा समय में विकासखंड की मरदानपुर, शेखपुर भडरा, नेवाज मदारगढ़, नीमपुर, गयासपुर, नांदी, जौदिलमऊ ग्राम पंचायत का कार्य देख रहे हैं। एक सप्ताह पहले ग्राम प्रधानों ने संयुक्त रूप से उन पर विकास कार्यों में कमीशनबाजी समेत विभिन्न आरोप लगाते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र दिया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि सूचना के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी से संपर्क किया गया था। उन्होंने बताया कि वह जिला मुख्यालय चले गए हैं। दो दिन बाद भी उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी है।