पाकड़गांव में मिनी स्टेडियम के लिए चिह्नित भूमि। संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज के मऊ और तिलोई क्षेत्र के पाकड़गांव में आधुनिक मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। युवा कल्याण विभाग की ओर से दोनों स्थानों पर मिनी स्टेडियम बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। विभाग की ओर से निर्माण का आकलन तैयार कर शासन से बजट मांगने की कवायद चल रही है। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, मगर अभ्यास के लिए बेहतर मैदान और जरूरी संसाधन उपलब्ध न होने से युवाओं को परेशानी होती है। कई खिलाड़ियों को क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स की तैयारी के लिए दूर जाना पड़ता है। मिनी स्टेडियम बनने से उन्हें गांव के पास ही अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे समय और आने-जाने के खर्च की बचत होगी।
साथ ही स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित मिनी स्टेडियमों में अलग-अलग खेलों के लिए मैदान और अभ्यास की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। क्रिकेट और फुटबॉल के लिए मैदान, दौड़ व अन्य एथलेटिक्स स्पर्धाओं के लिए ट्रैक के साथ बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों के लिए कोर्ट बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए व्यायाम और फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है।
जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक पटेल ने बताया कि मऊ और पाकड़गांव में मिनी स्टेडियम के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। निर्माण का आकलन तैयार कर शासन से बजट की मांग के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
युवाओं को नियमित अभ्यास का मिलेगा मौका
मिनी स्टेडियम में खेल मैदान के साथ दौड़ने, व्यायाम करने और शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की योजना है। इससे युवाओं को नियमित अभ्यास करने और विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी। गांवों में खेल-गतिविधियां बढ़ने से बच्चों और युवाओं को मोबाइल व अन्य गतिविधियों से समय निकालकर शारीरिक व्यायाम करने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।