बाजारशुकुल (अमेठी)। दक्खिनगांव क्यार निवासी दुग्ध विक्रेता भवानी प्रसाद कोरी (60) का शव बृहस्पतिवार रात अरही नाले के पास तालाब में मिला। वह शाम को बगल के गांव में डेयरी पर दूध देने गए थे। पत्नी शिवकुमारी ने आशंका जाहिर करते हुए दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस घटना को हादसा मानते हुए जांच कर रही है।
शिवकुमारी ने बताया कि उनके पति शाम करीब सात बजे गांव के पास धनेश राजपूत की डेयरी पर दूध देने गए थे। देर रात तक न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और आसपास तलाश शुरू की। इसी बीच सूचना मिली कि अरही नाले के पास स्थित तालाब में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान भवानी प्रसाद के रूप में हुई।
पत्नी का कहना है कि शव की हालत देखकर संदेह होता है कि घटना सामान्य नहीं है। गले पर चोट के निशान थे। मुंह पर गमछा लिपटा था। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथमदृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। संभव है कि वह शौच के लिए गए हों और फिसलकर तालाब में गिर गए हों। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने तहरीर मिलने की बात से इन्कार किया है।
परिजनों का हाल बेहाल
भवानी प्रसाद की मौत से पूरा परिवार गमगीन है। पत्नी शिवकुमारी, बहू राजकुमारी, बेटी खुशबू और बेटा विकास का रो-रोकर बुरा हाल है। भवानी प्रसाद के दोनों बेटे करमराज और राजकुमार गैर प्रांत में मजदूरी करते हैं। परिजन दोनों बेटों के लौटने का इंतजार कर रहे हैं।