गौरीगंज कस्बे में ठंड से बचाव को अलाव सेंकत लोग। संवाद
अमेठी सिटी। जिले में पछुआ हवा तेज चलने से ठंड का असर बढ़ गया है। रविवार को दिन में कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा के चलते राहत नहीं मिल सकी। पूरे दिन हवा और नमी के कारण गलन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।
जिले में रविवार को सुबह के समय कोहरा कम हुआ, लेकिन दिनभर धुंध छाई रही। ठंडी हवा के चलते लोग घरों से निकलने में हिचकते दिखे। इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा। दुकानें खुली रहीं, मगर ग्राहकों की संख्या कम रही। ठेला चालक और मजदूर काम के दौरान ठंड से बचाव करते नजर आए।
दोपहर बाद धूप निकलने से कुछ देर राहत की उम्मीद बनी, लेकिन हवा के कारण ठंड बनी रही। शाम होते ही बाजारों में चहल-पहल कम हो गई। जरूरी काम से बाहर निकले लोग जल्दी घर लौटते दिखे। गौरीगंज में रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, सैंठा तिराहा और जिला अस्पताल चौक पर अलाव जलाए गए। लोग अलाव के पास खड़े होकर ठंड से बचाव करते नजर आए।
यातायात उपनिरीक्षक शोभनाथ ने बताया कि ठंड और कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। रफ्तार कम रखें, फॉग लाइट और बैक लाइट का सही उपयोग करें। अधिक कोहरा होने पर वाहन किनारे रोकें और सुरक्षित स्थिति में ही यात्रा करें।