अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के बेनीपुर गांव के पास सोमवार को नकाबपोश सात बदमाशों ने न्यायालय से लौट रहे युवक पर हमला कर दिया। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार हमलावर भाग निकले। हमले में घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के राजकुमार सिंह उर्फ राजू सोमवार को अपने भाई ओम प्रकाश के साथ सुल्तानपुर न्यायालय किसी केस के संबंध में गए हुए थे। दोपहर बाद वह सुल्तानपुर से घर आ रहे थे। जब वह अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग के बेनीपुर के राइस मिल के पास सुनसान सड़क पर पहुंचे, तभी बाइकों पर सवार सात नकाबपोश बदमाशों ने इनको रोका लिया और लोहे की राॅड से राजकुमार सिंह उर्फ राजू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ-पांव फ्रैक्चर हो गए और कमर में भी गंभीर चोटें आईं।
बचाव में ओम प्रकाश भी घायल हो गए। उनकी गुहार पर आसपास के लोगोें को जुटता देख बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को सीएचसी अमेठी पहुंचाया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि पीड़ित ने कोई बयान देने से मना करते हुए बताया कि स्वस्थ होने के बाद तहरीर देगा। बताया कि तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
देर से आई पीआरवी व एंबुलेंस
पीड़ित के भाई ने कहा कि घटना होने के बाद हम लोग सड़क पर पड़े थे। सूचना देने के बाद भी समय से न तो पीआरवी पुलिस पहुंची न तो एंबुलेंस पहुंची। वहीं युवक को जिला अस्पताल रेफर करने के दौरान स्ट्रेचर भी नहीं मिला। इससे पीड़ित के परिजनों ने नाराज होकर अस्पताल हंगामा भी किया।