गौरीगंज स्थित एसपी कार्यालय में प्रदर्शन करती महिलाएं। -संवाद
अमेठी सिटी। जामो सीएचसी परिसर में धरना-प्रदर्शन के दौरान होमगार्ड की अभद्रता से नाराज महिला किसान संगठन से जुड़ी महिलाएं सोमवार को प्रदर्शन पर उतर आईं। उन्होंने एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करते हुए एएसपी को ज्ञापन दिया। इसमें होमगार्ड पर कार्रवाई करने की मांग की है।
स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के खिलाफ शनिवार को रीता सिंह जनकल्याण समिति की ओर से धरना दिया गया था। धरने के दौरान सुरक्षा में तैनात जामो थाने में कार्यरत होमगार्ड ने महिलाओं पर अभद्रता टिप्पणी की थी। मामला संज्ञान में आने के बाद संगठन की अध्यक्ष ने जामो एसएचओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कार्रवाई नहीं होेने से महिलाएं भड़क गईं। सोमवार को काली पोशाक पहन कर महिलाएं गौरीगंज में रेलवे स्टेशन के पास एकत्र हुईं। यहां से जुलूस निकाल विरोध-प्रदर्शन करते हुए महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं।
उन्होंने एसपी कार्यालय का घेराव कर जामो पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एएसपी हरेंद्र कुमार ने महिलाओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं व शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद एएसपी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में होमगार्ड पर कार्रवाई की मांग करते हुए चार दिन में मांगें पूरी नहीं होने पर अनशन की भी चेतावनी दी। इस मौके पर रीता सिंह, श्यामा, ऊषा, मंजू सरोज, कमलेश सरोज, गीता गौतम व रानी आदि मौजूद रहीं।