भादर। पीपरपुर के डिहवा मजरे दुर्गापुर निवासी सपना वर्मा (25) का शव सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। ससुरालीजन इसे फंदा लगाकर आत्महत्या बताते हैं, जबकि मायके पक्ष का आरोप है कि हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर कोतवाली देहात के अहिमाने गांव निवासी रामखेलार ने बताया कि बेटी सपना की शादी ढाई वर्ष पहले रवींद्र वर्मा से हुई थी। सोमवार सुबह दुर्गापुर निवासी एक रिश्तेदार ने उन्हें सूचना दी कि सपना की हत्या कर दी गई है।
परिजन ससुराल पहुंचे तो रवींद्र ने बताया कि सपना ने कमरे में लकड़ी की बल्ली में गमछे के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। नीचे उतारने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर दामाद रवींद्र, जेठ अरविंद और जेठानी गायत्री ने मिलकर सपना की हत्या की और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। सीओ मनोज कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार नेहा रघुवंशी और इंस्पेक्टर श्रीराम पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम को भेजा।
सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। सपना के पिता की ओर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।