फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: शिविर में भी नहीं मिली राहत

Tue, 02 Dec 2025 01:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन


अमेठी सिटी। ऊर्जा निगम की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीन चरणों में चलने वाली बिजली बिल राहत योजना के तहत सोमवार को शिविर लगाए गए। उपखंड कार्यालय सहित गांव-गांव शिविर आयोजित हुए। इसमें पहले दिन जानकारी के अभाव में बहुत कम उपभोक्ता पहुंचे। ज्यादातर बढ़े बिल से परेशान उपभोक्ताओं ने शिविर में भी समस्या का निस्तारण नहीं होने की बात कही।

जिले में इस योजना के तहत घरेलू एक व दो किलोवॉट और एक किलोवॉट वाणिज्य के 1,55,944 उपभोक्ता हैं। जिनका कुल 53744.39 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। इनमें लंबे समय से बिजली बिल नहीं जमा करने वाले करीब 89,676 उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को तीन चरण में पूर्ण ब्याज माफी के साथ मूलधन में छूट मिलेगी। पहले चरण में 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत ब्याज माफी के साथ 25 फीसदी में मूलधन में छूट मिलेगी।
विज्ञापन



दूसरे चरण में एक जनवरी से 31 जनवरी तक ब्याज माफी संग 20 फीसदी मूलधन में छूट तो तीसरे चरण में एक फरवरी से 28 फरवरी तक पंजीकृत उपभोक्ताओं को ब्याज माफी संग 15 फीसदी मूलधन में राहत मिलेगी। सोमवार को गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर और तिलोई के सभी उपखंड कार्यालय सहित गांवों में शिविर लगे। मौके पर पहुंचे उपभोक्ताओं का पंजीकरण कर अफसरों ने उनकी समस्याओं के निस्तारण का प्रयास किया। सराय भागमानी गांव में एसडीओ विश्वजीत, जेई अमृतलाल शिविर में मौजूद रहकर उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया। शिविर में 35 उपभोक्ता पहुंचे, जिनमें छह उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया।


समस्या का नहीं हुआ निस्तारण
गौरीगंज उपखंड कार्यालय पर आयोजित शिविर में पहुंचे मिसरौली गांव निवासी उपभोक्ता सालिकराम ने बताया कि उनकी पत्नी सावित्री के नाम बिजली कनेक्शन है। बताया कि 24 अक्तूबर को उन्होंने अपने बिजली बिल का भुगतान कर दिया था। 28 नवंबर को उनका बिजली बिल 13,276 रुपये गलत ढंग से जारी कर दिया गया। बताया कि लगातार वह बिल संशोधन के लिए परेशान हैं, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। शिविर में भी आज भी निदान नहीं हो पाया।




अफसरों के लगा रहे चक्कर
पूरे फाजिल निवासी महमूद आलम ने बताया कि मई में उन्होंने अपने बिजली बिल जमा किया था। करीब छह माह का बिल 37 हजार रुपये से अधिक का आ गया है। लगातार अफसरों के दफ्तरों का चक्कर काटने के बाद भी निस्तारण नहीं हो पा रहा है। शिविर में आया हूं , अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।



45 हजार रुपये आया बिजली बिल
दरपीपुर निवासी अर्पित कुमार ने बताया कि उनके बाबा भागीरथी के नाम पर बिजली कनेक्शन है। छह माह में करीब 45 हजार रुपये का गलत बिल आ गया है। विभाग ने बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है, चार माह से परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर है। समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। शिविर की सूचना मिली है, आया हूं।
विज्ञापन




866 शिविर किए जाएंगे आयोजित
प्रभारी अधीक्षण अभियंता व एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले के गौरीगंज, अमेठी, तिलोई व जगदीशपुर वितरण खंड में गांव-गांव 866 शिविर आयोजित होंगे। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को लाभ दिलाया जाएगा। कहा कि योजना में शामिल सभी उपभोक्ताओं को 321 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी, जिसमें मूलधन और उस पर लगने वाला ब्याज दोनों शामिल हैं। कहा कि उपभोक्ता शिविर के साथ जन सुविधा केंद्र, विभाग के पोर्टल पर जाकर उपभोक्ता पंजीकरण कराकर लाभ ले सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें