अमेठी सिटी। छोटी दीपावली पर रविवार को सभी बाजारों में दीपोत्सव की रौनक बिखरी वहीं घरों में भी दीपमाला सजी और बच्चों ने पटाखे छुड़ाए। हर गली, चौक और चौराहों पर बिखरीं खुशियां लोगों की चेहरे पर दिख रही थीं। शनिवार को धनतेरस पर जहां सोना, चांदी और बर्तनों की जमकर बिक्री हुई, वहीं रविवार को छोटी दीपावली पर ग्राहकों ने बाइक, कपड़े, मिठाई, पूजन सामग्री, दीये और लाइट की खूब खरीदारी की।
धनतेरस के बाद रविवार को ग्राहकों ने दोपहिया वाहन, कपड़े, मिठाई, दीये, लाइट, मूर्तियां, रंगोली और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। अनुमान के अनुसार जिले में करीब 500 मोटरसाइकिलें बिकीं। मिठाई की दुकानों पर काजू कतली, बेसन लड्डू, मिल्क केक और बंगाली रसगुल्ला की खूब बिक्री हुई। ग्राहक नीलम सिंह ने कहा कि त्योहार का स्वाद मिठाई से ही पूरा होता है। पूजन सामग्री की दुकानों पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, लाई-चूरा, गट्टा और मिट्टी के दीये की खरीदी दिनभर जारी रही।
सजावट के लिए लोगों ने एलईडी झालरें, मोमबत्तियां और सोलर लाइटें खरीदीं। ग्राहकों ने रंग बदलने वाली झालरें इस बार ज्यादा खरीदी। कपड़ों और उपहार की दुकानों पर भीड़ रही। युवाओं ने नए ट्रेंड के कुर्ते और साड़ियां खरीदीं। ग्राहक अंकित सिंह ने कहा कि नई ड्रेस के बिना दीपावली अधूरी लगती है।
बाइक बिक्री से खिले चेहरे
धनतेरस के बाद रविवार को गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, जायस और तिलोई की एजेंसियों पर सुबह से ग्राहकों की भीड़ लगी रही। जमकर मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई। बाइक शोरूम के मालिकों ने बताया कि धनतेरस और छोटी दीपावली ग्राहकों के लिए शुभ मानी जाती है, इसलिए दो दिनों में बिक्री सामान्य दिनों से तीन गुना रही।
मिठाई की दुकानों पर कई वैराइटी
दीपावली पर मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर और ग्रामीण बाजारों में लंबी कतारें लगी रहीं। इस बार खास तौर पर काजू कतली, बंगाली रसगुल्ला, मिल्क केक, चॉकलेट बर्फी और ड्राई फ्रूट लड्डू की बिक्री रही। दुकानदार विक्रम सिंह ने बताया कि लोगों ने पारंपरिक मिठाइयों के साथ काजू एप्पल और चॉकलेट बर्फी जैसी नई वैरायटी को भी खूब पसंद किया।
पूजन सामग्री की जोरदार बिक्री
छोटी दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश, कुबेर और हनुमान जी की मूर्तियों की जमकर बिक्री हुई। राम अवतार शर्मा की मूर्तियों की दुकान पर देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, झालरें, रंगोली पाउडर और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी लोगों ने खूब खरीदारी की। मालती देवी ने बताया कि हर साल दीये और मूर्तियां नई खरीदी जाती हैं, इस बार रंगीन झालरें भी साथ ली हैं।
कपड़े और उपहार की दुकानों पर चहल-पहल
कपड़ों की दुकानों पर युवाओं की भीड़ से बाजारों में रौनक रही। ग्राहकों ने नए ट्रेंड के कुर्ते, साड़ियां और जैकेट खरीदे। उपहार की दुकानों पर सजे गिफ्ट पैक, चॉकलेट बॉक्स और होम डेकोर आइटम ग्राहकों को खूब भाए। व्यापारी अखिलेश शुक्ल ने बताया कि लोग एक-दूसरे को उपहार देने की परंपरा निभा रहे हैं, जिससे गिफ्ट की बिक्री तीन गुना बढ़ी है।
सजावट के सामान की धूम
इलेक्ट्रॉनिक्स और लाइट हाउस की दुकानों पर लाइट, झालर और सजावट के सामान की जमकर खरीदारी हुई। दुकानदार राकेश वर्मा ने बताया कि रंग बदलने वाली एलईडी झालरें और सोलर लाइटें सबसे ज्यादा बिकीं।
छह दिन चलेगा दीपोत्सव
पंडित कपिल देव मिश्र ने बताया कि इस बार दीपोत्सव छह दिन तक चलेगा। धनतेरस से शुरू होकर भाई दूज तक चलने वाले इस पर्व में सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग बना है, जिससे मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि दीपावली 20 अक्तूबर को मनाई जाएगी। कार्तिक अमावस्या की शुरुआत 20 अक्तूबर को सुबह 03:44 बजे से होकर 21 अक्तूबर को सुबह 05:54 बजे तक रहेगी। 21 अक्तूबर को भौमवती अमावस्या, 22 अक्तूबर को गोवर्धन पूजा और 23 अक्तूबर को भाई दूज मनाया जाएगा।