जामों के जोरावरपुर गांव में श्रीमद्भागवत कथा सुनते श्रद्धालु। स्रोत: आयोजक
जामों। मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके धन और पद से नहीं, बल्कि उसके अच्छे कर्मों, व्यवहार और संस्कारों से होती है। जीवन में भक्ति के साथ दूसरों के प्रति प्रेम, दया, सेवा और सहयोग का भाव रखना भी जरूरी है। परिवार और समाज में मधुर संबंध बनाए रखने के लिए व्यक्ति को अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखना चाहिए। ये बातें रविवार को जोरावरपुर गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रवाचक आचार्य संतोष ने कहीं।
प्रवाचक ने कहा कि मनुष्य को भगवान के बताए आदर्शों को अपने आचरण में भी उतारना चाहिए। किसी जरूरतमंद की सहायता करना, दुखी व्यक्ति को सहारा देना और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव रखना भी सच्ची भक्ति का हिस्सा है। व्यक्ति को अपने जीवन में ऐसे कर्म करने चाहिए, जिनसे दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिले।
प्रवाचक ने कहा कि स्वार्थ, अहंकार और लालच मनुष्य को उसके कर्तव्य से दूर करते हैं। इनसे बचकर ही जीवन में सुख और शांति प्राप्त की जा सकती है। किसी के प्रति मन में द्वेष रखने के बजाय क्षमा और सहयोग की भावना अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत के प्रसंग मनुष्य को त्याग, समर्पण, परोपकार और मर्यादा का संदेश देते हैं। इस मौके पर मुख्य यजमान जगत नारायण मिश्र, रामेश्वर प्रसाद मिश्र, रामनाथ मिश्र, कृपाशंकर मिश्र और प्रेम नारायण मिश्र आदि मौजूद रहे।