अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड ने कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए महीनेवार पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। इसमें सभी विषयों के अध्यायों को अलग-अलग महीनों के अनुसार बांटा गया है। इससे विद्यार्थियों को पहले से पता रहेगा कि किस महीने में कौन सा अध्याय पढ़ना है और कितना पाठ्यक्रम पूरा करना है। शिक्षक भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कक्षाओं में पढ़ाई करा सकेंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को पूरे शैक्षिक सत्र की पढ़ाई का खाका मिल गया है। अब उन्हें परीक्षा के समय पूरे पाठ्यक्रम को एक साथ पूरा करने की चिंता नहीं रहेगी। विद्यार्थी महीने की शुरुआत में ही निर्धारित अध्यायों की जानकारी लेकर अपनी पढ़ाई की योजना बना सकेंगे। हर महीने के लक्ष्य के अनुसार तैयारी करने से पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
महीनेवार पाठ्यक्रम से पढ़ाई की नियमितता बनाए रखने में भी सहूलियत होगी। विद्यार्थी निर्धारित अध्यायों को पूरा करने के बाद अपनी तैयारी का आकलन कर सकेंगे। किसी विषय में पीछे रहने पर उसे समय रहते पूरा करने का अवसर मिलेगा। इससे परीक्षा से पहले दोहराव के लिए भी पर्याप्त समय मिल सकेगा।
अभिभावक भी महीनेवार लक्ष्य के आधार पर बच्चों की पढ़ाई की प्रगति देख सकेंगे। शिक्षकों के लिए भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित होगी। वे महीने की शुरुआत में ही संबंधित विषय के अध्यायों और पढ़ाई के लक्ष्य तय कर सकेंगे। इससे कक्षाओं में पाठ्यक्रम की गति बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही किसी विषय के निर्धारित अध्याय छूटने की आशंका भी कम होगी।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि विद्यार्थी माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर पाठ्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट पर अकादमिक कलेंडर विकल्प में संबंधित कक्षा का चयन करना होगा। इसके बाद विषयवार पीडीएफ उपलब्ध हो जाएगी। विद्यार्थी इसे मोबाइल या कंप्यूटर में डाउनलोड कर अपनी पढ़ाई की योजना बना सकते हैं।