गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक के दैनिक यात्रियों के साथ अन्य यात्रियों को 14 नवंबर तक परेशानी उठानी पड़ेगी। वाराणसी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए विभाग ने ट्रैफिक ब्लॉक जारी किया है। ब्लॉक जारी होने के बाद अप/डाउन लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को 14 नवंबर तक निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन निरस्त होने के बाद यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
रेलवे की ओर वाराणसी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या तीन को चौड़ा करने के साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या चार पर सुविधा विस्तार के लिए कई कार्य प्रस्तावित हैं। प्रस्तावित कार्य पूरा हो सके इसके लिए संचालन विभाग ने स्वीकृति प्रदान करते हुए 14 नवंबर तक ट्रैफिक ब्लॉक को मंजूरी दी है। इसके बाद डाउन देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस को 10 अक्तूबर से तो वाराणसी-देहरादून अप जनता एक्सप्रेस को 12 अक्तूबर से वाराणसी के बजाए मंडुआडीह स्टेशन से संचालित करने का निर्देश दिया है। इसी तरह अप/डाउन लखनऊ-वाराणसी एक्सप्रेस को 14 नवंबर तक निरस्त कर दिया है।
इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त होने के बाद लखनऊ से बछरावां, रायबरेली, जायस, गौरीगंज, अमेठी, प्रतापगढ़ व भदोही पर नौकरी करने वाले दैनिक यात्रियों को तो ठहरवा वाले अन्य स्टेशनों की यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को परेशानी होगी। ट्रैक की समय सारिणी सुबह लखनऊ से चलकर 12 बजे वाराणसी पहुंचने व शाम को 5:40 बजे वाराणसी से रवाना होकर रात्रि 10:50 बजे लखनऊ से पहुंचने से यह ट्रेन यात्रियों की लोकप्रिय ट्रेन में शामिल है। ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को असुविधा होगी।
प्रसारित की जा रही सूचना
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने 14203/04 लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस 14 नवंबर तक निरस्त रहने की पुष्टि की। बताया कि ट्रेन निरस्त होने की सूचना प्रसारित की जा रही है। इंटरसिटी निरस्त होने से दैनिक यात्रियों को परेशानी तो होगी लेकिन जनता एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेन संचालित रहने से अन्य यात्रियों को यात्रा में असुविधा नहीं होगी।