मुसाफिरखाना। तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी के कार्य व्यवहार के विरोध में शनिवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। आंदोलन में हाईकोर्ट से आए अधिवक्ता नकुल शर्मा भी शामिल हुए। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी कर प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में घूमकर एक स्वर में न्याय की मांग उठाई। नकुल शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी निर्णय नहीं आया तो हाईकोर्ट के अन्य अधिवक्ता भी आंदोलन से जुड़ेंगे और इसे व्यापक रूप दिया जाएगा। 30 दिसंबर से शुरू आंदोलन के कारण न्यायिक कार्य ठप है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता से आम वादकारियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रदर्शन में राजन सिंह, सतीश सिंह, अरुण कुमार, ओम प्रकाश तिवारी, रमाकांत शर्मा, आसिफ खान, इमरान, जगदीश सरोज आदि मौजूद रहे।