अमेठी। अमेठी केवल एक संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि विचार, विकास और सेवा की परंपरा का प्रतीक रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं। दो वर्षों में मिली 10 करोड़ की सांसद विकास निधि से कई कार्य कराए गए। इसके अलावा अलग-अलग मदों से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज में चार करोड़ रुपये खर्च हुए। वहीं 6.50 करोड़ रुपये से संसदीय क्षेत्र में 3000 सोलर लाइटें लगवाई गईं। ये बातें शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहीं।
उन्होंने बताया कि 96 लाख रुपये की लागत से 48 हाईमास्ट लाइटें भी लगाई गईं। लगभग 83 लाख रुपये खर्च कर 10 इंटरलॉकिंग सड़कें और एक सीसी रोड का निर्माण हुआ। ब्लॉक शाहगढ़ स्थित सैनिक स्कूल कौहार में 24 लाख रुपये से 32 सीटर बस उपलब्ध कराई गई। संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज में 12 लाख रुपये से अत्याधुनिक वेंटिलेटर लगाया गया।
66.50 लाख हजार रुपये खर्च कर 250 केवीए क्षमता के सात विद्युत ट्रांसफार्मर ट्राॅली सहित उपलब्ध कराए गए। 60.50 लाख हजार रुपये की लागत से कई गांवों में विद्युतीकरण का कराया गया। सांसद की ओर से बांदा-टांडा हाईवे को फोरलेन बनाने का मुद्दा लोकसभा में उठाने के बाद डीपीआर प्रक्रिया आगे बढ़ी। इस दौरान कार्यालय प्रभारी बृजेश तिवारी, प्रवक्ता अनिल सिंह, वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र शुक्ल, डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, मनरेगा प्रभारी रामलखन शुक्ल, खुर्शीद अजीज आदि रहे।