अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे रामप्रसाद मजरे रायपुर फुलवारी में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने 45 हजार की नकदी समेत लाखों के आभूषण पार कर दिया। घटना के दौरान चोरों ने घर के अंदर कमरों में सो रहे परिजनों के दरवाजों में बाहर से कुंडी लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे रामप्रसाद मजरे रायपुर फुलवारी निवासी सुनील कुमार पांडेय व उनके परिजन बुधवार रात भोजन करने के बाद सो गए।
सुबह जब सोकर उठे तो कमरे का ताला टूटा पड़ा था और अंदर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। कमरे के अंदर रखे बक्सों के ताले भी टूटे थे। चोरी की घटना को देख अन्य कमरों में सो रहे लोगों को बुलाया गया तो बाहर से तीन कमरों में कुंडी लगी थी। परिवारीजनों ने कुंडी खोलकर उन्हें बाहर निकाला। पीड़ित के अनुसार चोर सोने की 12 अंगूठी, तीन सोने की चेन, दो सोने के मंगलसूत्र, दो किलोग्राम चांदी के आभूषण, 45 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों का सामान चोरी कर ले गए हैं। एसएचओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है, केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)