गौरीगंज : सीएमओ को ज्ञापन सौपतीं महिला किसान। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ दवा व चिकित्सकों की कमी से प्रभावित हो रहे उपचार से खफा महिला किसानों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। महिला किसानों ने सीएमओ कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए कमियों की पोल खोल दी।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। उनसे सीएचसी में दवाओं के साथ फिजीशियन व बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती करने तथा मरीजों से अभद्रता करने वालों की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। मरीजों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के लिए जिले में संचालित जिला अस्पताल, रेफरल अस्पताल, ट्रामा सेंटर समेत 13 सीएचसी व 30 पीएचसी पर संसाधनों के साथ चिकित्सकों की भारी कमी है। चिकित्सकों की कमी से मरीजों का उपचार प्रभावित हो रहा है।
मरीजों को उपचार में हो रही असुविधा से परेशान महिला किसान रीता सिंह जनकल्याण समिति के बैनर तले प्रदर्शन पर उतर आईं। महिला किसानों ने शहर स्थित सीएमओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करते हुए अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी से प्रभावित हो रहे उपचार प्रबंधन व दवा की किल्लत समेत कई कमियों की पोल खोल दी। महिलाओं ने जिला अस्पताल समेत सीएचसी व पीएचसी में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों पर मरीजों से अभद्रता करने व उपचार में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर ने कार्यवाही का भरोसा देकर महिला किसानों को शांत कराया। इसके बाद उन लोगों ने ज्ञापन दिया। ज्ञापन में सभी सीएचसी में फिजीशियन व बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती, दवाओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ मरीजों के साथ अभद्रता करने वालों की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।