मुसाफिरखाना (अमेठी)। बरना गांव में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
टिल्लू का पुरवा मजरे मई निवासी अमित कश्यप (24) शनिवार को मजदूरी करने के लिए बरना गांव गए थे। वह एक व्यक्ति के घर निर्माण कार्य में जुटे थे। दोपहर करीब एक बजे काम के दौरान वह भीगा हुआ बांस उठा रहे थे कि अचानक बांस पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया।
इससे करंट की चपेट में आकर अमित बुरी तरह झुलस गए और गिर पड़े। साथ में मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी पहुंचाया जहां से गंभीर हालत में सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई।
अमित की मौत की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।