निहालगढ़ के पूरेशोहरत रेलवे क्रॉसिंग के पास पटरी से मिट्टी हटाता रेल कर्मी। संवाद
जगदीशपुर। रेलवे ट्रैक की मरम्मत के बाद बरती गई चूक ने सोमवार को बड़े रेल हादसे की आशंका पैदा कर दी। पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन ट्रैक पर चेक रेल के भीतर जमा मिट्टी देख तत्काल लाल झंडी दिखाकर हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस रुकवा देता है। करीब पांच मिनट तक ट्रैक की सफाई के बाद ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू कराया गया।
रायबरेली-अयोध्या हाईवे स्थित पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग पर नौ से 11 जुलाई तक रेलवे ट्रैक की मरम्मत का कार्य कराया गया था। कार्य पूरा होने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया, मगर सड़क को ट्रैक के स्तर तक समतल नहीं कराया गया। इससे हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के पहियों से मिट्टी लगातार चेक रेल के भीतर और ऊपर जमा होती रही।
सोमवार सुबह ट्रेन के निर्धारित समय से पहले गेटमैन ने फाटक बंद कर ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान चेक रेल में काफी मिट्टी जमा मिली। वह सफाई में जुटा था, तभी कुंभ एक्सप्रेस क्रॉसिंग के पास पहुंच गई। ट्रैक पूरी तरह साफ न होने पर गेटमैन ने लाल झंडी दिखाकर लोको पायलट को सतर्क किया। लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी।
निहालगढ़ स्टेशन अधीक्षक बत्तीलाल मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारियों को अवगत कराया गया। कर्मचारियों ने ट्रैक से मिट्टी हटाने के साथ रेलवे क्रॉसिंग की सड़क भी ट्रैक के स्तर के अनुरूप समतल कराई, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।