अमेठी सिटी। आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष व पारदर्शी ढ़ंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को अमेठी स्थित आरआरपीजी कॉलेज में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम में नामित अफसरों को आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए उनकी जिम्मेदारियां बताई गईं। बुधवार को आरआर पीजी कॉलेज सभागार में जोनल, सेक्टर व पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया गया। डीएम निशा अनंत ने आयोग की ओर से जारी दिशा निर्देशों, नियमों एवं प्रपत्रों की जानकारी दी। इसके बाद अफसरों की शंकाओं का मौके पर समाधान किया। डीएम ने सभी नियुक्त मजिस्ट्रेटों को मतदान से पूर्व अपने-अपने क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय, रैंप, फर्नीचर, मतदाता सूची, संचार आदि बुनियादी सुविधाओं का सत्यापन करते हुए रिपोर्ट देने को कहा।
कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें। सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि घटना पर पूर्ण निगरानी रखें और तत्काल इसकी सूचना दें।
सीडीओ सूरज पटेल ने सभी मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्र में मतदान से पहले, मतदान के दिन और मतदान के बाद मजिस्ट्रेट के कर्तव्य एवं दायित्व की जानकारी देते हुए अपने क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह से अनुपालन सुनिश्चित कराने की जानकारी दी। उन्होंने सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्व के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण देते हुए उनकी शंकाओं का मौके पर समाधान किया।
एसपी अनूप कुमार ने सभी मजिस्ट्रेटों को संवेदनशील तथा अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण करने एवं मतदान को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश मिश्रा सहित समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।