अमेठी सिटी। कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें सीटेट जगदीशपुर की ओर से प्रशिक्षित 135 युवाओं को सीडीओ पूजा साहू ने प्रमाणपत्र वितरित किए। इसके बाद 85 युवक-युवतियों को नोएडा और गुरुग्राम स्थित फ्लिपकार्ट सहित अन्य कंपनियों में नौकरी के लिए बस से रवाना किया गया।
सिंहपुर निवासी शिव सिंह ने कहा कि छोटे शहर से निकलकर बड़े शहर में काम करने का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है। अंकित कुमार ने तीन महीने के प्रशिक्षण को जीवन बदलने वाला बताते हुए कहा कि अब आत्मनिर्भर बनने की राह खुल गई है।
रीना रावत ने पहली बार घर से बाहर नौकरी के लिए जाते हुए हल्की घबराहट के साथ अपने सपनों को साकार करने की खुशी जताई। संस्था निदेशक संजय सिंह ने बताया कि शेष 50 युवाओं को भी जल्द गुरुग्राम भेजा जाएगा।
संस्था की टीम छह माह तक उनके साथ रहकर सुरक्षा और सुविधाओं की निगरानी करेगी। प्रशिक्षणार्थियों को हेल्थकेयर सेक्टर में प्रशिक्षित कर नोएडा की कंपनी में 18 हजार रुपये प्रति माह वेतन के साथ आवास और भोजन की सुविधा दी जाएगी।