संग्रामपुर के जरौटा में सैनिक के परिजन टीवी से पल-पल की खबरे लेते हुए।-स्रोत : परिजन
संग्रामपुर (अमेठी)। क्षेत्र के जरौटा गांव निवासी सुशील कुमार मिश्र भारतीय सेना में तैनात हैं और हाल ही में 27 अप्रैल को अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। 30 अप्रैल को परिवार में शादी की रौनक थी, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद हालात बिगड़ने लगे। सेना ने तत्काल उनकी छुट्टी रद्द कर उन्हें वापस बुला लिया।
देश की सरहद की निगहबानी कर रहे जरौटा निवासी जवान सुशील कुमार मिश्र की छुट्टी अचानक रद्द होने और फिर संपर्क टूट जाने से परिवार चिंतित है। भाई की शादी में शामिल होकर पांच मई को ड्यूटी पर लौटे। सुशील की पत्नी आकांक्षा बेचैन हैं। मासूम बच्चे की ओर देखती हैं और बस एक आस लगाई बैठी हैं कि पापा जल्दी लौट आएं।
सुशील ने बताया कि आठ मई को रास्ते में पत्नी से अंतिम बार बात हुई थी। इसके बाद से न तो कॉल लग रही है और न ही कोई खबर मिल पाई है। पिता रंग बहादुर मिश्र बोले कि टीवी के सामने बैठा हूं, हर पल की जानकारी ले रहा हूं। बड़े भाई और शिक्षक सुनील मिश्र ने कहा कि कई दिन हो गए, कोई खबर नहीं है। सीमा पर हालात को लेकर परिजन चिंतित हैं।