अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेलखंड पर शनिवार को ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा। देरी की सही जानकारी न मिलने से यात्रियों में नाराजगी रही।
दानापुर से आनंद विहार जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार रात 10:56 बजे आने वाली थी, लेकिन शनिवार सुबह 06:27 बजे साढ़े सात घंटे की देरी से पहुंची। हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल तीन घंटे देर से गौरीगंज पहुंची, जबकि राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस भी दो घंटे लेट रही। लगातार हो रही देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ती गई।
पंजाब मेल से लुधियाना जाने के लिए गौरीगंज स्टेशन आए शिवदयाल ने बताया कि परिवार संग तीन घंटे प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा। सावित्री देवी ने कहा कि दोपहर की गर्मी में बिना छांव और पेयजल के प्लेटफार्म पर खड़े रहना मुश्किल हो गया। जम्मूतवी दर्शन को जा रहे करुणशंकर, विमल कुमार और रवींद्र कुमार ने बताया कि ट्रेनें लेट होने से यात्रा कार्यक्रम पूरी तरह बिगड़ गया। यात्रियों को खुली धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों की लंबी दूरी और तकनीकी कारणों के चलते संचालन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए लाउडस्पीकर से ट्रेनों की वास्तविक स्थिति की लगातार जानकारी दी जा रही है।