अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बृहस्पतिवार को भी प्रभावित रहा। निर्धारित समय से घंटों विलंब से ट्रेनों के पहुंचने के कारण यात्रियों को प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा।
आनंद विहार से दानापुर जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस बुधवार रात 11:56 बजे के बजाय बृहस्पतिवार सुबह 4:11 बजे गौरीगंज पहुंची। सीमेंट फैक्टरी में कार्यरत कमलकांत ने बताया कि वह दानापुर जाने के लिए रात में स्टेशन पहुंचे थे, मगर ट्रेन देर से आने के कारण सुबह तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। लखनऊ-प्रयागराज संगम स्पेशल एक घंटे की देरी से पहुंची।
पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देर से गौरीगंज स्टेशन पहुंचीं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तकनीकी कारणों से ट्रेनों का परिचालन देर से हुआ। यात्रियों को ट्रेनों के आगमन की जानकारी समय-समय पर प्रसारित की जा रही है।