मुसाफिरखाना स्थित पीएम श्री कंपोजिट स्कूल। संवाद
अमेठी सिटी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के विकास के लिए बेहतर पहल करने वाले शिक्षक, विद्यालय, ग्राम पंचायत और ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) अब पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकेंगे। सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026 में पांच श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का चयन किया जाएगा। विजेताओं को तीन लाख रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा।
शिक्षक पुरस्कार के लिए कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक पात्र होंगे। विद्यालय पुरस्कार के लिए कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय विद्यालय शामिल होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाली ग्राम पंचायतों और शैक्षिक सहयोग में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले बीआरसी का भी चयन किया जाएगा।
बालिका शिक्षा पुरस्कार के लिए परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक पढ़ाने वाले शिक्षक पात्र होंगे। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके शैक्षणिक, भावनात्मक व सामाजिक समावेशन के लिए किए गए बेहतर कार्य इस श्रेणी में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों और बीएसए को पत्र भेजकर पात्र लोगों को योजना में आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और बीआरसी तक इसकी जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। बीएसए संजय तिवारी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की शिक्षा और विकास के लिए लगातार बेहतर प्रयास कर रहे हैं। यह पुरस्कार ऐसे कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन देने का अवसर है। पात्र शिक्षक और विद्यालय अपने उत्कृष्ट कार्यों के साथ आवेदन करें। (संवाद)