अमेठी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम परिसर में 9.88 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण तेजी से चल रहा है। हॉल का निर्माण 10 अगस्त तक पूर्ण कर लिया जाना है। हॉल तैयार होने पर इनडोर खेल की तैयारी करने में खिलाड़ियों को सहूलियत होगी।
स्टेडियम परिसर में लगभग 4.93 करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल, पवेलियन, सीसी रोड, फिल्ट्रेशन प्लांट, टिकट काउंटर, पंप रूम, बाउंड्रीवॉल, लाइटिंग और गेट सहित अन्य निर्माण कराए गए थे। अब यहां 63 मीटर लंबे और 30 मीटर चौड़े हॉल में छह मीटर की दर्शक दीर्घा भी बनाई जा रही है।
उप क्रीड़ा अधिकारी मोहम्मद मोसर्रफ खां ने बताया कि तय समय में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को सभी मौसमों में बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके।
प्रशिक्षकों की कमी से बाधित हो रहा अभ्यास
स्टेडियम में प्रतिदिन कई खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचते हैं लेकिन वॉलीबाल, बैडमिंटन, क्रिकेट और ताइक्वांडो के प्रशिक्षकों की कमी से उन्हें मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। उप क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जल्द ही नियुक्तियां होने की संभावना है।
कबड्डी और हैंडबाल के लिए है हॉस्टल की सुविधा
स्टेडियम में कबड्डी और हैंडबाल के लिए 15-15 खिलाड़ियों की क्षमता वाले हॉस्टल बनाए गए हैं। वर्तमान में यहां 22 खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में आठ और खिलाड़ी हॉस्टल से जुड़ेंगे।