संवाद न्यूज एजेंसी भादर (अमेठी)। मॉडल थाना रामगंज के सामने बैनामे की जमीन पर बने अवैध कब्जे को शनिवार अतिरिक्त मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ढहा दिया गया। घोरहा गांव निवासी किरन बरनवाल ने बृहस्पतिवार सुबह डीएम राकेश कुमार मिश्र से मिलकर एक शिकायती पत्र दिया।
शिकायती पत्र में कहा गया कि एक जमीन मॉडल थाना रामगंज के पास है। उक्त जमीन का बैनामा कई साल पहले किया था। बैनामा लेने के बाद उसने जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनाकर गेट भी लगवाया था। किरन ने आरोप लगाया था कि स्थानीय पुलिस प्रशासन को मिलाकर भादर गांव के जीतलाल अग्रहरि ने चार अप्रैल की रात उसके बेशकीमती भूखंड पर टिन आदि रखकर कब्जा कर लिया।
डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राम केवल त्रिपाठी को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। डीएम का निर्देश मिलने के बाद शनिवार को एसडीएम आरके त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
जांच में उन्होंने पाया कि पुरानी दीवार पर नया निर्माण कर टिन शेड आदि रखा गया है। प्रथम दृष्टया गलत मानते हुए एसडीएम ने पुलिस की मौजूदगी में नया निर्माण हटवाते हुए चाबी एसएचओ रामगंज को दे दी। एसडीएम ने कहा कि अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटवा दिया गया है। दोनों पक्षों से अपनी दावेदारी का साक्ष्य प्रस्तुत करने को कह गया है। साक्ष्य मिलने के बाद अगली कार्यवाही की जाएगी।