अमेठी सिटी। जिले के ब्लॉक अमेठी के ताला भीटा पर संचालित केंद्रीय विद्यालय में नए सत्र में कक्षा एक में सेक्शन बढ़ेगा तो कक्षा 11 की नई कक्षा संचालित होगी। यह जिले व केंद्रीय विद्यालय के साथ बच्चों के लिए उपलिब्ध है।
जिले में संचालित केंद्रीय विद्यालय करीब छह वर्ष बाद बीते सत्र में ताला भीटा स्थित अपने निजी भवन में संचालित हो पाया था। इसके पूर्व विद्यालय का संचालन मुंशीगंज व महराजपुर पिंडोरिया स्थित अन्य भवन में संचालित हो रहा था। इसके चलते संसाधनों के अभाव में समस्या हो रही थी। जहां कक्षाओं में सेक्शन नहीं बढ़ पा रहे थे, वहीं अन्य हाईस्कूल व इंटर की कक्षाओं के संचालन में भी परेशानी आ रही थी।
निजी भवन मिलने के बाद हाईस्कूल की कक्षाओं का संचालन सुगमतापूर्वक होने लगा। अब केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से नए शैक्षणिक सत्र (एक अप्रैल से) में बड़ी पहल की गई है। विद्यालय में संचालित प्रति कक्षावार एक सेक्शन में 40 बच्चों की क्षमता है। केवीएस की ओर से अब कक्षा एक में एक और सेक्शन चलाने की अनुमति दे दी है। वहीं कक्षा 11 विज्ञान वर्ग के लिए भी अनुमति मिल गई है। ऐसे में अब विद्यालय में शुरू होने वाले नए सत्र में कक्षा एक के दो सेक्शन में कुल् 80 बच्चे पढ़ाई कर सकेंगे।
नए सत्र में चलेंगी कक्षाएं
विद्यालय प्रधानाचार्य केडी मिश्र ने बताया कि विद्यालय में इस समय कुल 419 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बताया कि कक्षा एक में 40 बच्चों की क्षमता का एक अतिरिक्त सेक्शन बढ़ा है। वहीं, कक्षा 11 विज्ञान वर्ग के संचालन की भी अनुमति मिली है। एक अप्रैल से शुरु होने वाले नए सत्र में दोनों नई कक्षाएं संचालित होंगी। फरवरी माह के आखिरी सप्ताह में आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।