गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंताजर करते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। त्योहार मनाकर मुंबई लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के सामने अब ट्रेन का कन्फर्म टिकट सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। नियमित आरक्षण कराने के बाद भी यात्रियों को प्रतीक्षा सूची मिल रही है। तत्काल कोटे में भी टिकट पाने के लिए लंबी कतार लगानी पड़ रही है। इसके बावजूद कई यात्रियों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मुंबई जाने वाली उद्योगनगरी एक्सप्रेस में सीटों की मांग बढ़ने से कामगारों और नौकरीपेशा लोगों की चिंता बढ़ गई है।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मिले यात्रियों ने बताया कि त्योहार के लिए घर आए थे। अब काम पर लौटने का समय हो गया है, मगर टिकट कन्फर्म नहीं हो रहा है। यात्री रामलाल ने बताया कि कई दिन पहले आरक्षण कराया था, इसके बाद भी सीट पक्की नहीं हुई। तत्काल टिकट के लिए भी प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। श्यामलाल ने बताया कि छुट्टी खत्म हो रही है। काम पर समय से पहुंचना जरूरी है, ऐसे में टिकट नहीं मिलने से परेशानी बढ़ गई है।
राजेश कुमार ने बताया कि परिवार के साथ मुंबई जाना है। सभी सदस्यों का टिकट कन्फर्म नहीं होने से दिक्कत हो रही है। तत्काल टिकट के लिए कतार में लगने के बाद भी निराशा हाथ लगी। इमरान ने बताया कि काम पर देर से पहुंचने पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। अब दूसरी ट्रेन और दूसरे स्टेशन से जाने का विकल्प रहे हैं।
ऑनलाइन आरक्षण उपलब्धता के अनुसार 12174 उद्योगनगरी एक्सप्रेस में 17 नवंबर की यात्रा के लिए प्रतीक्षा सूची 18 और 19 नवंबर के लिए 22 दिखाई गई। ये ऑनलाइन उपलब्धता के आंकड़े हैं, जो बुकिंग और निरस्तीकरण के साथ बदल सकते हैं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह के अनुसार त्योहारों के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। यात्रियों को यात्रा की योजना पहले बनाकर समय से आरक्षण कराना चाहिए। तत्काल कोटे में सीटें सीमित होती हैं, इसलिए टिकट मिलने की गारंटी नहीं रहती।