अमेठी। जिले में बृहस्पतिवार को दो-तीन दौर में करीब 10-10 मिनट तक रुक-रुककर बारिश हुई, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। हवा में नमी बढ़ने से पूरे दिन उमस और चिपचिपी गर्मी बनी रही। ऊपर से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में व्यवधान रहने के कारण पंखे और कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे सके।
सुबह से शाम तक बाजारों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर उमस का असर दिखाई दिया। दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम रही।
गौरीगंज के व्यापारी शिवकुमार गुप्ता ने बताया कि उमस के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या कम रही। माधवपुर की सुनीता देवी ने कहा कि बारिश के बाद भी गर्मी पहले से अधिक महसूस हो रही है। छात्र राकेश वर्मा ने बताया कि स्कूल और कोचिंग आने-जाने के दौरान उमस से काफी परेशानी हुई। गौरीगंज निवासी अभिषेक मिश्र ने कहा कि थोड़ी देर बाहर रहने पर ही पसीने से कपड़े भीग जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के बावजूद मौसम में राहत नहीं मिली।
बारिश से धान की रोपाई में आई तेजी
रुक-रुककर हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ने पर किसानों ने धान की रोपाई तेज कर दी है। सरायखेमा के किसान रामनरेश यादव ने बताया कि हल्की बारिश से रोपाई का कार्य आसान हो गया है। हालांकि अच्छी पैदावार के लिए अभी लगातार और पर्याप्त वर्षा की जरूरत है। कई गांवों में किसान पूरे दिन रोपाई में जुटे रहे।
अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने की संभावना
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले 24 घंटे तक जिले में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। हवा सामान्य गति से चलेगी। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिक आर्द्रता के कारण उमस बनी रह सकती है। किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि कार्य करने की सलाह दी गई।