अमेठी सिटी। संग्रामपुर के विशेषरगंज मार्ग पर रविवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है।
संग्रामपुर एसओ संजय सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अनूप सिंह क्षेत्र में देर रात वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान बेलखरी गांव निवासी शनि पांडेय के रूप में हुई, जो पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की बैटरी, झटका मशीन और 700 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके दो साथी तिवारीपुर निवासी समरजीत और रामलाल मौर्य को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 2100 रुपये नकद, गैस सिलिंडर, प्लास, पेचकस, कुदाल, फावड़ा और एक बाइक बरामद हुई।
दोपहर बाद पुलिस कार्यालय सभागार में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि शनि पांडेय पर अमेठी और फतेहपुर जिलों में कुल 23 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ में शामिल टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। मामले में आगे की जांच जारी है।