अमेठी सिटी। निजी पैथोलॉजी में तीन हजार रुपये में होने वाली हीमोफीलिया की जांच अब जिला अस्पताल में महज एक रुपये पर्चे पर हो सकेगी। इस जांच की सुविधा नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब स्वास्थ्य विभाग ने जांच की सुविधा शुरू करने की योजना बनाई है। आने वाले 15 दिनों में मरीजों को यह सुविधा देने की तैयारी की गई है। असैदापुर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल के पैथोलॉजी में खून, लीवर सहित कई अन्य जांचों की सुविधा है। अस्पताल में हीमोफीलिया की जांच शुरू करने का निर्णय लिया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने बुधवार को स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना बनाई है। इसमें रसायन से लेकर अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
निर्णय लिया गया कि 15 दिन में जांच को हर हाल में शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में पैथोलॉजिस्ट डॉ. विवेक चौधरी, दिलीप यादव सहित अन्य मौजूद थे।
इनसेट
एडी हेल्थ ने भी परखी स्वास्थ्य सेवाएं
- अयोध्या मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुशील प्रकाश चौधरी बुधवार की दोपहर एकाएक जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, पेयजल की स्थिति, भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली। बेहतर प्रबंध करने को कहा ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो।
क्या है हीमोफीलिया
- चोट लगने, कटने आदि पर खून में मौजूद एक विशेष तरह का प्रोटीन सक्रिय हो जाता है। इससे खून में थक्के जमने की प्रक्रिया शुरू होती है और थोड़ी देर बाद खून बहना बंद हो जाता है, लेकिन जब शरीर खून जमने की प्रक्रिया नहीं हो पाती, उस स्थिति को हीमोफीलिया कहा जाता है।
हीमोफीलिया रक्तस्राव यानी ब्लीडिंग से संबंधित एक आनुवंशिक विकार है। हीमोफीलिया शरीर में खून के थक्के जमने की प्रक्रिया को बंद कर देता है। इस विकार का वाहक एक्स क्रोमोजोम होने के कारण महिलाओं से पुरुषों में इसका प्रवाह पाया जाता है। हीमोफिलिया ए और बी सबसे सामान्य प्रकार हैं। अगर मरीज इन दोनों प्रकार के हीमोफीलिया से पीड़ित है, तो उसे लंबे समय तक ब्लीडिंग का सामना करना पड़ता है।
क्या हैं लक्षण
शरीर पर कई बड़े या गहरे घाव, जोड़ों में दर्द, जकड़न या सूजन होना,बिना किसी कारण के नाक से खून बहना हीमोफीलिया का लक्षण हो सकता है। हीमोफीलिया से पीड़ित बच्चे में कई टार्गेट प्वाइंट बन जाते हैं। जैसे-कभी कंधे पर तो कभी घुटने पर गांठ बन जाती है। बच्चे को असहनीय दर्द हो सकता है। उसे बार-बार उल्टी होती है।