गौरीगंज (अमेठी)। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए शासन के निर्देश पर रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में नामित चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, जांच व दवाओं का वितरण करते हुए परामर्श दिया। मेले में आयुष्मान योजना के तहत वंचित लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड बनाकर उनका वितरण भी किया गया।
प्रदेश सरकार ने जनपद के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य मेला आयोजित करने का निर्देश सीएमओ को दिया था।
शासन के निर्देश पर सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने भटगवां, सैठा, जेठू मवई, हरदो, नंदमहर, दक्खिनवारा, अड़ारू, गोसईंगंज, विश्ेाषरगंज, भेटुआ, शिवगंज, मड़ेरिका, अमेयमाफी, रामगंज, चंडेरिया, कस्थुनी, नेवादा, थौरी, रानीगंज, सरेसर, सत्थिन, महोना, अलाईपुर, शाहमऊ, ओदारी, जायस, राजा फत्तेपुर, इन्हौना, फूला, साटन का पुरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक व कर्मियों की तैनाती करते हुए रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया।
मेले में चिकित्सकों ने गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को चिन्हित करते हुए उनकी स्क्रीनिंग एवं यथोचित स्तर पर संदर्भन एवं फालो-अप के साथ अन्य मरीजों को चिकित्सीय परामर्श, टीकाकरण, जांच व दवा दी। इस दौरान गर्भावस्था व प्रसव कालीन सावधानी तथा तंबाकू सेवन रोकने के प्रति जागरूक किया गया। मेले में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का गोल्डेन कार्ड बनाने के साथ ही उनका वितरण भी हुआ।