सिंहपुर। कंपोजिट विद्यालय रामपुर टेढ़ई के प्रभारी प्रधानाध्यापक को साइबर ठगों ने आधार प्रमाणीकरण के नाम पर निशाना बनाकर उनके खाते से दस हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। बाजारशुकुल के दक्खिनगांव निवासी ओंकार नाथ पांडेय विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं।
उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक शाखा अहोरवा भवानी में संचालित है। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल की शाम मोबाइल पर आधार प्रमाणीकरण से जुड़ा संदेश मिला। इसके बाद यूपीआई लाइट पर एम-पिन सेट होने का मैसेज भी आया। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर खाते पर रोक लगाने का अनुरोध किया, लेकिन इसी दौरान साइबर ठगों ने पांच बार एक-एक हजार रुपये और एक बार पांच हजार रुपये खाते से ट्रांसफर कर लिए।
पीड़ित ने साइबर सेल और बैंक शाखा में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसओ विवेक वर्मा ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।