संग्रामपुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर आईएएस के रूप में चयनित हुए आदर्श पांडेय ने कहा कि निरंतर मेहनत और लगन से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। रविवार को गृह आगमन पर ग्राम सोनारी कनू में उनका स्वागत किया गया।
गांव पहुंचते ही क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पहले आदर्श पांडेय परिजनों संग संग्रामपुर के मां कालिका धाम पहुंचे, जहां उन्होंने माता कालिका देवी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। घर पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने उन्हें सम्मानित किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल और सपा प्रवक्ता राजेश मिश्र ने भी उनके आवास पहुंचकर बधाई दी।
आदर्श पांडेय ने कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता और परिजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही यह सफलता संभव हो सकी। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प और कठिन मेहनत की जरूरत है। स्वागत समारोह में संग्रामपुर इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह, ग्राम प्रधान कुंदेश शुक्ला, बृजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।