मुसाफिरखाना (अमेठी)। कस्बा स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर का गांधी पार्क जल्द लकदक होगा। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से तैयार विशेष कार्ययोजना पर काम शुरू हो गया है। पार्क के सौंदर्यीकरण पर 23 लाख रुपये का खर्च आएगा।
स्थानीय बीआरसी परिसर में तीन परिषदीय विद्यालय (प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय व कन्या विद्यालय) संचालित हैं। तीनों परिषदीय विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। छात्र-छात्राओं को मनोरंजन की दृष्टि से अरसा पूर्व एक पार्क स्थापित किया गया था। यह पार्क इन दिनों बदहाल पड़ा है।
नगर पंचायत प्रशासन ने पिछले दिनों इस पार्क के कायाकल्प की विशेष योजना पर काम शुरू किया था। योजना को मूर्तरूप देने के लिए तैयार कार्ययोजना पर 23 लाख रुपये की लागत आनी है। आगणन को मंजूरी मिलने के बाद पार्क के उच्चीकरण का कार्य शुरू हो गया है। पार्क का सौंदर्यीकरण होने से न सिर्फ बच्चों बल्कि स्कूल व बीआरसी पर तैनात शिक्षा विभाग के कर्मियों को मनोरंजन के साथ शुद्ध हवा नसीब होगी।
पार्क में होंगे यह कार्य
नगर पंचायत की ईओ रेणुका एस कुमार ने बताया कि कार्ययोजना के तहत गांधी पार्क को ऊंचा करने के लिए मिट्टी पटाई के साथ परिसर में इंटरलॉकिंग के साथ इज्जत घर का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पार्क में झूले, बेंच व लाइट की स्थापना के साथ पौधरोपण भी कराया जाएगा।